दीपथून विवाद: न्यायपालिका की अवमानना और तुष्टीकरण की पराकाष्ठा
तिरुपरनकुंद्रम पहाड़ी पर दीपथून प्रज्वलन के मामले में तमिलनाडु सरकार की अवहेलना के बाद सर्वोच्च न्यायालय को मंदिर प्रबंधन और सुरक्षा की कमान अपने हाथ में लेनी पड़ी। सदियों पुरानी सनातन परंपरा और स्पष्ट कानूनी निर्णयों की अनदेखी यह दर्शाती है कि संवैधानिक मर्यादाओं से ऊपर वोट बैंक की राजनीति को रखने का प्रयास अब न्यायिक और सामाजिक, दोनों कसौटियों पर बेनकाब हो रहा है।
27 नवंबर 2026 को सर्वोच्च न्यायालय ने मदुरै की तिरुपरनकुंद्रम पहाड़ी पर स्थित दीपथून विवाद से जुड़े अवमानना मामले की सुनवाई करते हुए तमिलनाडु सरकार को कड़े शब्दों में आड़े हाथों लिया। न्यायालय ने 20 नवंबर के अंतरिम आदेश की अवहेलना के मामले में राज्य के मुख्य सचिव, पुलिस महानिदेशक तथा अन्य संबंधित अधिकारियों को अवमानना नोटिस जारी कर 15 दिसंबर 2026 को व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होने का निर्देश दिया है। आदेश का पालन कराने में तमिलनाडु पुलिस की विफलता का हवाला देते हुए न्यायालय ने मंदिर के ट्रस्टी बोर्ड को निलंबित कर दिया और मंदिर प्रशासन तथा दीप प्रज्वलन की संपूर्ण व्यवस्था की कमान उच्च न्यायालय के दो सेवानिवृत्त न्यायाधीशों के पैनल को सौंप दी। साथ ही, न्यायालय ने 28 नवंबर को निर्धारित नियमों एवं शर्तों के तहत दीपथून पर दीप जलाने का आदेश देते हुए सुरक्षा की जिम्मेदारी केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल को सौंप दी है। इस प्रकार यह पूरी व्यवस्था राज्य सरकार के हाथों से बाहर निकल गई है।
बात-बात में संविधान लहराने वालों और लोकतंत्र की रक्षा के नाम पर सत्ता की सीढ़ी चढ़ने वालों ने अंततः वही किया, जो उनका छिपा हुआ एजेंडा था। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय जोसेफ के नेतृत्व वाली सरकार ने चरमपंथियों के इशारे पर एक सुनियोजित षड्यंत्र के अंतर्गत सनातन धर्म और उसकी परंपराओं के साथ वही व्यवहार किया, जो इतिहास में भारत आए अनेक आक्रांताओं और सनातन विरोधियों ने किया था। सर्वोच्च न्यायालय ने 20 नवंबर 2026 को दिए अपने अंतरिम आदेश में स्पष्ट निर्देश दिया था कि 24 नवंबर को कार्तिगई दीपम पर्व के अवसर पर मंदिर की एक सीमित अधिकृत टीम अधिकारियों की निगरानी में तिरुपरनकुंद्रम पहाड़ी के दीपथून स्तंभ पर दीप जलाएगी। किंतु विजय जोसेफ सरकार ने संकीर्ण और कट्टरपंथी मानसिकता का परिचय देते हुए न केवल सर्वोच्च न्यायालय के आदेश की अवहेलना की, बल्कि संवैधानिक अधिकारों का भी हनन किया। यद्यपि शाम तक प्रशासन यह घोषणा करता रहा कि वह न्यायालय के आदेश का अनुपालन सुनिश्चित करेगा, लेकिन बाद में पूरे क्षेत्र में निषेधाज्ञा लागू कर दी गई और मंदिर जाने वाले श्रद्धालुओं को पुलिस द्वारा जगह-जगह रोककर प्रताड़ित किया गया। सरकार द्वारा नियुक्त मंदिर के ट्रस्टी बोर्ड ने, जिसमें अन्य समुदाय के सदस्य भी शामिल हैं, सांप्रदायिक सद्भाव प्रभावित होने की आशंका जताते हुए न्यायालय द्वारा निर्धारित स्थान पर दीप जलाने से इनकार कर दिया। इस प्रकार एक सोची-समझी योजना के तहत सदियों से चली आ रही धार्मिक रीति को अवरुद्ध किया गया।
जब पीड़ित हिंदू पक्ष अवमानना का मामला लेकर पुनः सर्वोच्च न्यायालय पहुंचा, तो विजय जोसेफ सरकार ने सारा दोष मंदिर के ट्रस्टी बोर्ड पर मढ़ दिया। सरकार ने तर्क दिया कि ट्रस्टी बोर्ड ने स्वयं प्रस्ताव पारित कर दीप जलाने से इसलिए इनकार किया था क्योंकि उन्हें राज्य के सांप्रदायिक सौहार्द को ठेस पहुंचने का भय था। राज्य सरकार ने न्यायालय के समक्ष यह दावा भी किया कि उसने किसी आदेश की अवहेलना नहीं की, बल्कि भारत की धर्मनिरपेक्ष व्यवस्था को बहाल रखा है। विडंबना यह है कि सत्ता की सहयोगी कांग्रेस और उसके अन्य साथी दलों ने राज्य सरकार के इस कदम की सराहना करते हुए इसे भारत की धर्मनिरपेक्षता बचाने वाला कार्य बताया तथा भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ पर निशाना साधा। उल्लेखनीय है कि तमिल फिल्मों के अभिनेता विजय जोसेफ ने पिछले विधानसभा चुनाव में अत्यंत रहस्यमय परिस्थितियों में सरकार बनाने में सफलता प्राप्त की थी। बहुमत जुटाने के लिए उन्हें न केवल इंडियन मुस्लिम लीग का समर्थन मिला, बल्कि कांग्रेस ने भी अपने पुराने सहयोगी डीएमके से नाता तोड़कर विजय जोसेफ को सरकार बनाने में सहयोग दिया। सत्ता गठन के इस अप्रत्याशित घटनाक्रम पर तब भी विदेशी कट्टरपंथी शक्तियों के समर्थन की आशंका जताई गई थी, जिसे वर्तमान रवैये ने और गहरा कर दिया है।
मदुरै स्थित तिरुपरनकुंद्रम सुब्रमण्यस्वामी मंदिर की मूल चट्टान को काटकर बनाई गई संरचना दो हजार वर्ष से भी अधिक पुरानी है, जबकि इस पहाड़ी पर पूजा और धार्मिक परंपराओं का इतिहास पांच हजार वर्षों से भी अधिक प्राचीन माना जाता है। प्राचीन तमिल संगम साहित्य में वर्णित यह पवित्र स्थल भगवान मुरुगन के छह सबसे पावन निवास स्थानों अर्थात अरुपाडई वीडु में प्रथम स्थान रखता है, और पहाड़ी के ऊपरी हिस्से में पहली शताब्दी ईसा पूर्व के तमिल-ब्राह्मी शिलालेख तथा जैन गुफाएं इसकी ऐतिहासिक प्राचीनता की साक्षी हैं। पौराणिक मान्यताओं के अनुसार दीपथून भगवान शिव के अनंत अग्नि स्तंभ यानी ज्योतिर्लिंग स्वरूप का प्रतीक है। कथा है कि एक बार ब्रह्मा और विष्णु के मध्य श्रेष्ठता को लेकर विवाद होने पर उनके अहंकार को शांत करने हेतु भगवान शिव अनंत अग्नि स्तंभ के रूप में प्रकट हुए और कहा कि जो इसका आदि या अंत खोज लेगा, वही श्रेष्ठ होगा। दोनों देवता इसका ओर-छोर न पा सके और उन्होंने शिव की सर्वोच्चता स्वीकार की; इसी प्रसंग की स्मृति में तिरुवन्नामलाई की अरुणाचल पहाड़ी पर साक्षात शिव स्वरूप महादीपम प्रज्वलित किया जाता है। भगवान कार्तिकेय का अवतरण भी इसी पावन दिन हुआ था, जब शिव के तीसरे नेत्र से निकली छह चिंगारियों का पालन-पोषण सरवण सरोवर में छह कृत्तिका देवियों ने किया और माता पार्वती के आलिंगन से वे छह मुख वाले षण्मुख कहलाए। कृत्तिका देवियों द्वारा पालित होने के कारण उनका नाम कार्तिकेय पड़ा और इस दिन उनकी विशेष पूजा की जाती है। कार्तिगई दीपम पर घरों की दहलीज, आंगन और मंदिरों में पंक्तिबद्ध जलाए जाने वाले मिट्टी के दीये अज्ञान, अहंकार और नकारात्मकता के अंधकार को मिटाकर ज्ञान और सत्य के प्रकाश का संदेश देते हैं। मान्यता है कि इससे सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है, बुरी शक्तियां दूर रहती हैं और घर में सुख-समृद्धि का वास होता है। तमिलनाडु के कई हिस्सों में यह पर्व कार्तिगई पेंगल के रूप में भी मनाया जाता है, जहां बहनें अपने भाइयों के दीर्घायु, स्वास्थ्य और सफलता की कामना करते हुए दीप प्रज्वलित करती हैं।
इस पवित्र परंपरा से जुड़े वर्तमान विवाद की ऐतिहासिक और कानूनी पृष्ठभूमि भी अत्यंत स्पष्ट है। दीपथून इसी तिरुपरनकुंद्रम पहाड़ी पर बना वह प्राचीन प्रस्तर दीप-स्तंभ है, जिस पर हर वर्ष कार्तिक पूर्णिमा और कृत्तिका नक्षत्र के संयोग पर कार्तिगई दीपम के मुख्य दिन दीप जलाने की सदियों पुरानी परंपरा रही है। इसी पहाड़ी पर भगवान मुरुगन का प्रसिद्ध अरुलमिगु सुब्रमण्यस्वामी मंदिर और ऊपरी हिस्से में सिकंदर बादशाह दरगाह स्थित है। दीपथून स्तंभ दरगाह से लगभग पचास मीटर की दूरी पर है। पहाड़ी के मालिकाना हक को लेकर वर्ष 1920 में दायर मुकदमे में 1923 में निचली अदालत ने फैसला सुनाया था, जिसे 1931 में प्रिवी काउंसिल ने भी बरकरार रखा। इसके तहत पहाड़ी का अधिकांश भाग मंदिर को आवंटित किया गया, जबकि दरगाह, मस्जिद और वहां तक जाने वाली सीढ़ियों का क्षेत्र दरगाह के अधिकार क्षेत्र में रखा गया। नवंबर 2025 में मंदिर के कार्यकारी अधिकारी द्वारा सुरक्षा और सांप्रदायिक सौहार्द का हवाला देते हुए दीपथून पर दीप जलाने पर रोक लगाने के बाद मामला उच्च न्यायालय पहुंचा। दिसंबर 2025 में मद्रास उच्च न्यायालय के एकल न्यायाधीश न्यायमूर्ति जी.आर. स्वामीनाथन ने दीपथून पर भी दीप जलाने का निर्देश दिया, जिसे बाद में खंडपीठ ने मंदिर की अधिकृत टीम तक सीमित रखते हुए कायम रखा। इसी आदेश के विरुद्ध राज्य सरकार सर्वोच्च न्यायालय गई थी, जहां से 20 नवंबर को अंतरिम आदेश जारी हुआ और 24 नवंबर को उसकी अवहेलना के बाद 27 नवंबर को न्यायालय को अत्यंत कठोर हस्तक्षेप करना पड़ा।
समग्र दृष्टि से देखें तो तिरुपरनकुंद्रम का यह प्रकरण मूलतः कोई धार्मिक विवाद नहीं, बल्कि विशुद्ध राजनीतिक तुष्टीकरण की उपज है। दीपथून जिस भूमि पर स्थित है, वह न्यायालयों द्वारा स्थापित मंदिर की संपत्ति है और दरगाह से पर्याप्त दूरी पर होने के कारण वहां दीप प्रज्वलन से सामान्य मुस्लिम समुदाय को भी कभी कोई आपत्ति नहीं रही। वास्तविक आपत्ति केवल वोट बैंक की उस संकीर्ण राजनीति को है, जिसमें डीएमके से लेकर वर्तमान सत्ताधारियों तक के बीच स्वयं को अधिक हिंदू विरोधी सिद्ध करने की अघोषित होड़ लगी हुई है। प्रदेश के प्रमुख मंदिरों पर सरकारी नियंत्रण, उनकी भूमि के अन्यत्र आवंटन, चढ़ावे के दुरुपयोग और सरकारी न्यासियों के माध्यम से परंपराओं को कमजोर करने की प्रवृत्ति अब किसी से छिपी नहीं है। किंतु आस्था के विरुद्ध राजनीति करने वालों को इतिहास का यह कठोर पाठ नहीं भूलना चाहिए कि राम मंदिर आंदोलन के विरोध ने अनेक शक्तिशाली दलों को सत्ता के शिखर से उतारकर राष्ट्रीय परिदृश्य के हाशिये पर धकेल दिया था। लोकतंत्र में सत्ताएं अस्थायी होती हैं, पर सदियों की सांस्कृतिक चेतना स्थायी होती है। यदि तमिलनाडु की सत्ताएं दीपथून जैसी सनातन परंपराओं और संवैधानिक मर्यादाओं को कुचलने का दुस्साहस करती रहीं, तो तिरुपरनकुंद्रम की पहाड़ी पर जलने वाला यह एक दीप न केवल आस्था का प्रकाश फैलाएगा, बल्कि तुष्टीकरण की इस राजनीति के सूर्यास्त का उद्घोष भी बन जाएगा।
~~~~~~~~~~शिव मिश्रा ~~~~~~~~~~~~

