बहुत रोईं, बहुत रोईं... लेकिन थोड़ा इंतजार करके, यानी बहुत दिनों बाद रोईं!
वैसे, बिना कारण तो यहाँ पत्ता भी नहीं हिलता, और सोनिया जी तो ठहरीं बिल्कुल पक्की लौह-महिला । एक अत्यंत दर्दनाक विमान हादसे में देवर संजय गांधी की मृत्यु पर नहीं रोईं, प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की निर्मम हत्या पर भी उनके आँसू कैमरे में कैद नहीं हुए, और राजीव गांधी की बम विस्फोट में हुई शहादत पर भी उन्होंने अपने संयम का बाँध नहीं टूटने दिया—आखिरकार, बहादुर महिला जो ठहरीं!
लेकिन इस बार माजरा अलग था। इस बार वह रोईं, बाबरी मस्जिद के गिरने पर रोईं और वह भी 'बैक-डेट' से यानी इतिहास में पीछे जाकर! अब बेचारी करती भी क्या? जिस सज्जन ने संस्मरण या किताब लिखी, उसने जोश-जोश में यह लिख मारा कि 6 दिसंबर 1992 को सोनिया जी ने यह दुखद घटना 'लाइव टीवी' पर देखकर आँखें भिगो ली थीं।
अब लेखक महोदय को यह थोड़ी पता था कि उस जमाने में न तो अयोध्या में लाइव टेलीकास्ट की कोई हाई-टेक ओबी वैन खड़ी थी, न ही इंस्टाग्राम रील्स बन रही थीं। उस वक्त तो अयोध्या में मोबाइल जैमर लगे थे, इंटरनेट बंद था और इस विध्वंस की खबर कई घंटे बाद रेडियो पर आई थी। वह भी उनके यूरोपीय मित्र और बीबीसी के दिग्गज संवाददाता मार्क टुली ने अयोध्या से कई किलोमीटर दूर जाकर ब्रॉडकास्ट की थी। अब यह लेखक की भारी भूल थी कि उसने टीवी पर लाइव रोना दिखा दिया! जब सोनिया जी ने अपनी ही लिखी आत्मकथा पढ़ी, तो उन्हें भयंकर आत्मग्लानि हुई कि अरे! हम 6 दिसंबर को रोए क्यों नहीं?
बस फिर क्या था, इतिहास की भूल सुधारने के लिए उन्हें 'बैक-डेट' में जाकर रोना ही पड़ा। क्योंकि सोनिया गांधी झूठ बोलती नहीं हैं—और अगर एक बार किताब में लिख दिया कि रोई थीं, तो उस झूठ को सच साबित करने के लिए यदि इतिहास के पन्ने भी पलटने पड़ें, तो गांधी परिवार इस शहादत के लिए पीछे हटने से रहा! और वैसे भी, विकल्प ही क्या बचा था?
सोचते-सोचते सोनिया जी को अचानक वह पुराना वाकया याद आ गया, जब पिछली बार वह इतने ज़ार-ज़ार होकर रोई थीं कि ‘रुदाली गैंग’ भी शर्म से मुँह छुपाता घूम रहा था। वह ऐतिहासिक मौका था—बाटला हाउस एनकाउंटर में आतंकवादियों के मारे जाने का!
हालाँकि, भारत की ‘गोदी मीडिया’ ने उस समय उनके आंसुओं का क्लोज-अप किसी को नहीं दिखाया। यह तो भला हो सलमान खुर्शीद साहब का, जिन्होंने सरेआम यह रहस्योद्घाटित कर दिया कि सोनिया जी छाती पीट-पीटकर रोई थीं! तभी जाकर यह संवेदनशील बात जामा मस्जिद की तकरीर का हिस्सा बन पाई। उस वक्त भाजपा ने भी बड़ी दरियादिली दिखाई और इस आँसू-पुराण को घर-घर तक पहुँचाने में भरपूर मदद की। लेकिन, विडंबना देखिए कि इस बात का असर अल्पसंख्यकों पर कम और बहुसंख्यकों पर ज्यादा हो गया, जिससे फायदे की बजाय राजनीतिक चूना लग गया!
खैर, सोनिया जी हार मानने वालों में से थोड़ी हैं। उत्तर प्रदेश के एक जमाने के दिग्गज ‘नेताजी’ ने भी कभी गर्व से चुनौती दी थी कि "अयोध्या में परिंदा भी पर नहीं मार सकता", लेकिन जब कारसेवक गुंबद पर चढ़े, तो गोलियों की बौछार कर दी गई। उस वक्त भी उनकी पार्टी को कोई मलाल नहीं हुआ; उलटे नेताजी ने तो यहाँ तक फरमाया कि यदि वर्ग-विशेष का दिल जीतने के लिए हज़ारों हिंदुओं को भी भूनना पड़े, तो वह पीछे नहीं हटेंगे—क्योंकि उनके लिए संविधान देश से बड़ा है, और हिंदू तो गिनती में कहीं ठहरते ही नहीं!
नतीजा यह हुआ कि उस वर्ग-विशेष के सारे वोट थोक के भाव उधर शिफ्ट हो गए और कांग्रेस मुँह ताकती रह गई। लेकिन अब उत्तर प्रदेश के चुनाव सिर पर हैं, इसलिए इतिहास और भूगोल दोनों को नए सिरे से खंगालना पड़ रहा है—आखिरकार, सियासत में 'आँसू' और 'चुनाव' का पुराना और गहरा याराना रहा है!
